⚡ ब्रेकिंग News

25 दिन की कड़ी मेहनत रंग लाई, लूट की वारदात का पर्दाफाश

पाली पुलिस ने ‘बाबा गैंग’ के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को पकड़ा, करीब 50 मामलों में रहे हैं वांछित
अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही पाली पुलिस को लूट की वारदात के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना पुलिस की विशेष टीम ने 13 जुलाई 2026 को भालेलाव सरहद नया गांव रिको में महिला से हुई सोने की थूसी लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए ‘बाबा गैंग’ के मुख्य सरगना सवाईराम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 50 प्रकरण दर्ज हैं।

 *सीसीटीवी फुटेज से खुली अपराधियों तक पहुंचने की राह* 

13 जुलाई को डूंगाराम सिरवी ने सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि वह अपनी पत्नी लीला के साथ सामाजिक कार्यक्रम से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भालेलाव सरहद में तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को रोककर मारपीट की और उनकी पत्नी के गले में पहनी सोने की थूसी जबरन छीनकर फरार हो गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था
वारदात की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 150–200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों के आने-जाने के रास्तों की पहचान की तथा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। पुलिस टीम ने लगातार 25 दिनों तक कड़ी मेहनत और लगन से जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सवाईराम, राधेश्याम और सुनील को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। प्रेस नोट के अनुसार सवाईराम पहले पटेलिया गैंग का सदस्य रह चुका है और वर्तमान में तीनों आरोपी अलग-अलग मामलों में वांछित थे।गिरफ्तार आरोपियों में सवाईराम पुत्र हापूराम, उम्र 30 वर्ष, निवासी निम्बोल, थाना जैतारण, जिला ब्यावर; राधेश्याम पुत्र माणकराम, उम्र 28 वर्ष, निवासी लीलियास, थाना जायल, जिला नागौर तथा सुनील पुत्र उगमाराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी निम्बोल, थाना जैतारण, जिला ब्यावर शामिल हैं
इस कार्रवाई में सदर थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार फील्ड वर्क के जरिए अपराधियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की यह कार्रवाई इस बात का उदाहरण है कि संगठित प्रयास, आधुनिक तकनीक और लगातार मेहनत के जरिए जटिल अपराधों की गुत्थी भी सुलझाई जा सकती है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पाली के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी पाली ग्रामीण अमरसिंह रतनू और सदर थाना प्रभारी कपूराराम चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है तो पुलिस को तत्काल सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त पाली के निर्माण में आमजन से सहयोग की अपील की है।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...