उत्कृष्ट सेवाओं और शैक्षिक नवाचारों के लिए मिला सम्मान, शिक्षा जगत में हर्ष की लहर
पाली शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में पाली जिले के दो कर्मठ एवं समर्पित शिक्षकों ने जिले का नाम रोशन किया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं, नवाचारों तथा ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुरड़ाई के शिक्षक नारायण लाल एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुरा के शिक्षक पर्वत सिंह को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथियों एवं वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों ने दोनों शिक्षकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि नारायणलाल और पर्वत सिंह जैसे समर्पित शिक्षक सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों में नई सोच और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में उनका योगदान अनुकरणीय है। दोनों शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मान मिलने की खबर जैसे ही गुरड़ाई और रामपुरा सहित जिले के शिक्षा जगत में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। साथी शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने इसे पाली जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों का यह सम्मान केवल दो व्यक्तियों का सम्मान नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा, शिक्षक समर्पण और सरकारी विद्यालयों में बेहतर भविष्य की उम्मीद का सम्मान है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी। पाली के इन दोनों शिक्षकों ने साबित कर दिया कि समर्पण, नवाचार और ईमानदार प्रयासों से सरकारी विद्यालय भी सफलता की नई मिसाल कायम कर सकते हैं।
.png)
एक टिप्पणी भेजें