ध्वजारोहण के साथ गूंजे देशभक्ति के स्वर, प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यालय विकास हेतु डेढ़ लाख की ऐतिहासिक सहयोग राशि
पाली जिला क्षेत्र जाडन ब्लॉक मारवाड़ जंक्शन के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाडन में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह देशभक्ति, सामाजिक सहभागिता और शैक्षणिक चेतना का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का वातावरण व्याप्त रहा। समारोह में मुख्य अतिथि खींवा राम चौधरी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। इस गरिमामयी अवसर पर पुलिस चौकी प्रभारी रामनिवास राजपुरोहित की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ओजपूर्ण देशभक्ति गीतों, पारंपरिक लोक संगीत एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने न केवल उपस्थित जनसमूह को भावविभोर किया, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक गौरव का संदेश भी दिया। समारोह के दौरान राज्यस्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता एवं विज्ञान मेले में सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभावान विद्यार्थियों का यह सम्मान विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और मेहनत का प्रतीक बना। प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में विद्यालय के पुराने भवन के जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए ग्रामवासियों एवं भामाशाहों से सहयोग का आह्वान किया। इस अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामवासियों व भामाशाहों ने लगभग डेढ़ लाख रूपये की सहयोग राशि विद्यालय विकास हेतु प्रदान की, जिसे शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बताया गया।प्रधानाचार्य ने विज्ञान संकाय में व्याख्याताओं के पद रिक्त होने की जानकारी भी साझा की तथा बताया कि नया शैक्षणिक सत्र अप्रैल माह से प्रारंभ होगा। उन्होंने ग्राम समाज से संकल्प लेने का आह्वान किया कि जाडन क्षेत्र का कोई भी बालक शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही अतिथियों का सम्मान किया गया अंत में प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों, ग्रामवासियों, भामाशाहों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का भावपूर्ण एवं गरिमामयी समापन हुआ।
.png)
Post a Comment