कुछ सेकंड बचाने के लिए अपनी जान को खतरे में न डालें – एडीएम ओम प्रभा
पाली में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा समापन नहीं बल्कि आगाज़” थीम पर जिला प्रशासन पाली एवं प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कार्यालय पाली के संयुक्त तत्वावधान में गजनगढ़ टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला कलेक्टर (एडीएम) पाली ओम प्रभा रहे। विशेष अतिथि के रूप में आरटीओ पाली ओ.पी. बैरवा, विशिष्ट अतिथि एआरटीओ गणपत पुनड़, प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीकांत तथा वरिष्ठ टोल ऑपरेशन मैनेजर पवन कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर एवं सुरक्षा मैनेजर फिरोज़ खान ने बताया कि आरटीओ कार्यालय के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग तीन हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 30 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि एडीएम ओम प्रभा ने सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और कहा कि “कुछ सेकंड बचाने के लिए अपनी जान को खतरे में न डालें।” उन्होंने सरकार की राहवीर योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का कर्तव्य है, इसके लिए सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा आपात स्थिति के लिए आवश्यक नंबर मोबाइल में सुरक्षित रखने का आग्रह किया। आरटीओ ओ.पी. बैरवा एवं एआरटीओ गणपत पुनड़ ने कहा कि इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा और प्रौद्योगिकी से परिवर्तन” रही है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन स्वयं की जीवन रक्षा के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में एचआर मैनेजर बृजेश सिंह सहित टोल प्लाजा के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन फिरोज़ खान ने किया तथा अंत में आभार पवन कुमार द्वारा व्यक्त किया गया।
.png)
Post a Comment