कैलाश माली बघेरा। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर बघेरा स्थित माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।इस अवसर पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायक धर्मेंद्र गावडी, महावीर उपाध्याय और घीसालाल चौधरी ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। वहीं माता के गोलू सरसरी ने भी भजनों के माध्यम से समां बांध दिया।अष्टमी के दिन सैकड़ों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। कई परिवार अपने बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए गाजे-बाजे के साथ मंदिर आए, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया। मध्य रात्रि में जागरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ भाग लिया।पंडित संदीप पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि अष्टमी पर माता का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें नारियल की मिठाई का भोग अर्पित किया गया। दूर-दूर से आए भक्तों ने माता के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगी।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा की जाती है। उन्हें पवित्रता और शांति की देवी माना जाता है। इस दिन कई श्रद्धालुओं ने हवन कर घर और वातावरण की शुद्धि व सकारात्मक ऊर्जा की कामना की।अष्टमी पर कन्या पूजन का भी विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और उन्हें भोजन कराया। मान्यता है कि इससे मां दुर्गा प्रसन्न होकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।अब कल रामनवमी के अवसर पर ब्राह्मणी माता मंदिर में यज्ञ और हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद कन्या भोजन के साथ नवरात्रि का पारण होगा और चैत्र नवरात्रि का विधिवत समापन किया जाएगा।
बघेरा में चैत्र नवरात्रि अष्टमी पर उमड़ी आस्था की भीड़, भक्ति में डूबा रहा मंदिर परिसर
न्यू राजस्थान धरा न्यूज
0
.png)




Post a Comment