30×20 इंच के विशाल बैलेट पेपर पर वरीयता मतदान, प्रशासन और 30 अधिवक्ताओं की टीम संभालेगी जिम्मेदारी
राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव बुधवार, 22 अप्रैल को प्रदेशभर में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। पाली जिला मुख्यालय पर मतदान जिला न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता चेंबर के भूतल में संपन्न होगा। इस बार चुनाव की खास बात 30×20 इंच के जंबो बैलेट पेपर पर 234 उम्मीदवारों के नाम शामिल होना है, जिस पर अधिवक्ता वरीयता के आधार पर मतदान करेंगे।पाली में निर्वाचन की कमान अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष पी. एम. जोशी के हाथों में है। उन्होंने बताया कि जिला न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार द्वारा गठित टीम के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। इसमें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश डॉ. शरद तंवर, विशिष्ट न्यायाधीश राकेश गौरा और सीजेएम ऋचा चौधरी का मार्गदर्शन रहेगा, वहीं उपखण्ड अधिकारी को अतिरिक्त ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। निर्वाचन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन के तीन, न्यायालय प्रशासन के दो और पुलिस विभाग के दो कार्मिक तैनात किए गए हैं। साथ ही मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी जोशी ने बताया कि तीन उप निर्वाचन अधिकारी—सुमेर सिंह राजपुरोहित, कमलेश दवेरा और जब्बर सिंह हथलाई नियुक्त किए गए हैं। इनके साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह मेड़तिया, गजेंद्र सिंह मेड़तिया, लक्ष्मी नारायण, किरण मीणा और प्रकाश तलेसरा सहित अधिवक्ताओं की टीम चुनाव को सफल बनाने में जुटी है। पाली में कुल 863 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जो 23 सदस्यों का चयन वरीयता क्रम के आधार पर करेंगे। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को जिला न्यायाधीश के पास स्ट्रॉंग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां से बाद में बार काउंसिल द्वारा अभिरक्षा में लेकर जोधपुर भेजा जाएगा। जोशी के अनुसार, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार यह चुनाव अत्यंत संवेदनशील और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
.png)
Post a Comment