पाली ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे 162 पर विष्णु गोविन्द होटल से पाली की ओर लगभग एक किलोमीटर दूरी पर एक चिंताजनक और अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहां हाईवे किनारे विवाह समारोहों में उपयोग किए गए भोजन का वेस्टेज, ब्रेड, पॉलिथीन, घन्नी कचरा एवं अन्य अपशिष्ट खुले में बिखरा हुआ नजर आया।
यह स्थिति न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि आसपास विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। हाईवे किनारे अक्सर पशुओं का जमावड़ा रहता है, जो इस कचरे को खाकर फूड पॉइजनिंग व अन्य बीमारियों का शिकार हो सकते हैं।
वहीं, इस प्रकार फैले कचरे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। सड़ांध और प्रदूषण के कारण गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि विवाह समारोह आयोजित करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा वेस्ट फूड और कचरे के उचित निस्तारण के लिए नियम बनाए जाएं। ऐसे आयोजनों में बचे भोजन को या तो सुरक्षित तरीके से भूमिगत निस्तारित किया जाए या निर्धारित स्थान पर ही डाला जाए, ताकि प्रदूषण न फैले। इसी के साथ बताया की प्रशासन से आग्रह है कि हाईवे किनारे इस तरह कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ओर जुर्माना लगाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं
.png)
Post a Comment