शिवपुरा थाना पुलिस व ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से हुआ आयोजन, भजनों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ माहौल
जाडन (पाली)। जाडन पुलिस चौकी परिसर में पहली बार मां चामुण्डा के नाम एक दिवसीय भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह आयोजन शिवपुरा थाना अधिकारी भंवरलाल विश्नोई के नेतृत्व तथा जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास राजपुरोहित, पुलिस टीम एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भोजन प्रसादी के साथ हुई, जिसके बाद भजन संध्या का शुभारंभ किया गया। भजन गायक दिनेश राणा, सुरेंद्र पवार एंड पार्टी तथा कलाकार दीपाराम और कानाराम ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं नृत्य कलाकार विकी लवली (जाडन) ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर शिवपुरा थाना अधिकारी भंवरलाल विश्नोई, एएसआई अरविन्द राजपुरोहित, महाराज मनोहरनाथ सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जाडन, तालका, कानावास, मालपुरिया सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में लक्षिता साउंड, जाडन द्वारा व्यवस्थाएं संभाली गईं।
आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग,व युवा शामिल हुए पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े इस आयोजन की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की प्रेरणादायक पहल बताया। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करते हैं तथा क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
.png)
Post a Comment