ब्यूरो रिपोर्ट जाडन (पाली) आमजन में सुरक्षा, जागरूकता एवं कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक अंतर्गत पुलिस थाना शिवपुरा के हल्का जाडन स्थित हनुमानजी मंदिर परिसर में पुलिस चौकी जाडन टीम एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एंटी रोमियो स्क्वॉड 1090 की प्रभारी हेड कांस्टेबल पार्वती चारण ने महिलाओं एवं युवतियों को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, ऑपरेशन जागृति, राजकोप सिटीजन ऐप तथा गरिमा हेल्पलाइन 1090 की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर अपराध की शिकायत हेतु 1930 तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास राजपुरोहित सहित मुकेश जाट, देवकरण गुर्जर, पूनम कुमारी, विमल कुंवर एवं भावना ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी देकर किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियान की सराहना करते हुए सुरक्षा संबंधी जानकारी को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
.png)
Post a Comment