रामप्रसाद कुमावत केकड़ी जयपुर | 22 दिसंबर
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राजस्थान के संगठनात्मक मुद्दों, वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य तथा विधानसभा से जुड़े महत्वपूर्ण समसामयिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
देवनानी ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कर्मप्रधान श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट कर पार्टी संगठन को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई गति देने की कामना की। देवनानी ने नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
भेंट के दौरान देवनानी ने अपने कार्यकाल में राजस्थान विधानसभा में लागू किए गए नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जनोन्मुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हुई है और आमजन का विश्वास विधायिका में और गहरा हुआ है।
दोनों नेताओं के बीच राजस्थान के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों को लेकर भी सकारात्मक और सार्थक संवाद हुआ।
नितिन नबीन ने देवनानी के संसदीय अनुभव, लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण और राजस्थान विधानसभा में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए इन्हें अनुकरणीय पहल बताया।
.png)

Post a Comment