⚡ ब्रेकिंग News

समस्या का हुआ समाधान, आमजन को मिला आराम

उप जिला कलक्टर राणावत ने ग्राम पंचायत गुड़ा एंदला, बालिका विद्यालय, पीएचसी व जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं
पाली, 14 मई। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार गुरुवार को ग्राम पंचायत गुड़ा एंदला में आयोजित उपखंड स्तरीय जनसुनवाई (अटल जन सेवा शिविर) में आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में प्राप्त 21 परिवादों में से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर शेष प्रकरणों को संपर्क पोर्टल के निर्धारित मॉड्यूल में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
उप जिला कलक्टर एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 2 जमाबंदी सुधार, 5 सीमांकन/पत्थरगढ़ी, 20 नामांतरण, 2 आपसी विभाजन, 10 धारा 136 अंतर्गत प्रकरणों का निस्तारण किया गया। साथ ही 12 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के 5 आज्ञापत्र एवं 8 अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया। ग्राम पंचायत द्वारा सफाई कार्य भी करवाया गया तथा 2 नरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए।
चिकित्सा विभाग द्वारा 6 वैक्सीनेशन, 65 लोगों को ओपीडी दवा वितरण एवं 52 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जलदाय विभाग ने पानी संबंधी 1 परिवाद का समाधान किया, जबकि विद्युत विभाग ने मीटर सुधार के 3, क्षतिग्रस्त पोल से संबंधित 2 तथा बिल सुधार के 2 प्रकरणों का निस्तारण किया। पशुपालन विभाग द्वारा 15 पशुओं का बीमा एवं 120 पशुओं का उपचार किया गया। वहीं जनगणना कार्य के तहत 62 परिवारों के स्वगणना पत्र भी सबमिट किए गए।

 शिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा
उप जिला कलक्टर राणावत ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़ा एंदला का निरीक्षण कर छात्राओं की उपस्थिति, नामांकन, शिक्षण व्यवस्था, कक्षा संचालन, स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में संचालित एमडीएम योजना, बाल गोपाल दूध योजना सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान संस्था प्रधान ने विद्यालय भवन में कक्षाओं की कमी एवं भवन संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।

ओपीडी, आईपीडी एवं दवा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण
उप जिला कलक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुड़ा एंदला का निरीक्षण कर ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने पीएचसी भवन की जर्जर स्थिति एवं मरम्मत की आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर राणावत ने मरम्मत प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम, पोषण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की।
पुलिस थाना एवं आंगनबाड़ी का भी किया निरीक्षण
उपखंड अधिकारी राणावत एवं तहसीलदार द्वारा पुलिस थाना एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पीईओ मोहनलाल भाटी, बालिका विद्यालय प्रधानाचार्य देवेश मिक्षा, सरपंच मिनाक्षी मीणा, विकास अधिकारी मोतीलाल, कनिष्ठ सहायक बाबूदास वैष्णव, अध्यापक ओमप्रकाश, जगदीश, राजेन्द्र सिंह, भीमाराम पारस थानवी, मुकेश आगरी, थानाराम मेघवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...