पाली/भावरी।
राजस्थान में चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत पाली जिले के पंचायत शिक्षकों एवं विद्यालय सहायकों ने अपनी लंबित मांग नियमितीकरण को लेकर मंगलवार 3 जून को आक्रोश रैली निकालने की घोषणा की है। रैली साइंस पार्क, अंबेडकर सर्किल से शुरू होकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला संयोजक जालम सिंह राजपुरोहित एवं जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह रायरा के नेतृत्व में जिलेभर से सैकड़ों पंचायत शिक्षक और विद्यालय सहायक सुबह 10 बजे साइंस पार्क में एकत्र होंगे। आंदोलनकारी शिक्षकों ने सरकार से वर्षों पुराने नियमितीकरण के वादे को पूरा करने की मांग उठाई है।
वक्ताओं ने कहा कि पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक लंबे समय से अल्प मानदेय पर शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बनकर कार्य कर रहे हैं। सरकार की ओर से कई बार नियमितीकरण का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी और आक्रोश है।ज्ञापन में सरकार से शीघ्र नियमितीकरण नीति बनाकर लागू करने की मांग की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।इस दौरान जिला संगठन की कार्यकारिणी के पुनर्गठन पर भी चर्चा की जाएगी। संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए कार्य करने वाले साथियों को जिम्मेदारी देने पर सहमति बनी है। रैली में जिलेभर से बड़ी संख्या में पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक शामिल होंगे।
.png)
Post a Comment