संवाददाता पूनाराम प्रजापति सोजत रोड। भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं भाजपा अग्रिम संगठन के जिला संयोजक कुंदन सिंह पवार ने केंद्र एवं राज्य सरकार के शीर्ष नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर सोजत रोड नगर पालिका के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में पवार ने आरोप लगाया कि 1 एवं 2 जून 2026 को प्रदेश में आए आंधी-तूफान और बारिश के दौरान सोजत विधायक कोटे से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीसी सड़क पर कुछ स्थानों पर वर्षा जल भर गया था। इस दौरान अनिल कुमार व्यास एवं अन्य लोगों द्वारा सड़क पर लकड़ी की नाव रखकर तथा तख्तियां लगाकर नगर पालिका को “नरक पालिका” एवं अधिकारियों को भ्रष्ट बताने का प्रदर्शन किया गया।
पवार का आरोप है कि उक्त घटना को सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित कर नगर पालिका, प्रशासनिक अधिकारियों तथा भाजपा सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी संस्थाओं की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।
भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, स्वायत्त शासन मंत्री, मुख्य शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग के सचिव, संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर सहित विभिन्न अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर मामले की जांच करवाने तथा दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
.png)
Post a Comment