12 जून को होगा विशाल जागरण, राजस्थान के सुप्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
कानावास रामदेवरा। लोकदेवता बाबा रामदेवजी महाराज के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम 12 जून को कानावास रामदेवरा में देखने को मिलेगा, जहां "एक शाम बाबा रामदेवजी महाराज के नाम" भव्य जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तों में भारी उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
संत श्री मनोहर नाथ जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल धार्मिक आयोजन में राजस्थान के सुप्रसिद्ध भजन गायक सुरेन्द्र पंवार, दिनेश राणा, ललित परिहार, युवराज परवत बंजारा एवं आकाश माली अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर करेंगे। बाबा रामदेवजी के भजनों और भक्ति संगीत की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम में संत श्री 1008 किशन गिरी जी महाराज (आबूराज), श्री लक्ष्मण दास जी महाराज (नासिक), संत श्री मोती नाथ जी महाराज (सिनला) तथा संत किशन गिरी जी महाराज (गुजरात) विशेष रूप से पधारेंगे और श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करेंगे।
आयोजकों के अनुसार जागरण में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं धार्मिक ध्वजों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा रामदेवजी महाराज की भक्ति में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
भजन संध्या के दौरान बाबा रामदेवजी महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठेगा और भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा।
.png)
Post a Comment