पाली संवाददाता दीपांशु चौहान पाली शहर के मिल गेट पुलिस चौकी के निकट स्थित अति प्राचीन हनुमान मंदिर के पास बनाए गए मूत्रालय को लेकर शिव सेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। बुधवार शाम करीब 6 बजे शिवसैनिकों ने मौके पर एकत्रित होकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी करते हुए मूत्रालय को हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान शिव सेना कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनोखा और गांधीवादी तरीका अपनाया। मूत्रालय में आने वाले लोगों को रोकने के बजाय उन्हें माला पहनाकर अपनी नाराजगी और दुख व्यक्त किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर की धार्मिक गरिमा और जनभावनाओं का हवाला देते हुए मूत्रालय के मुख्य मार्ग पर कटीली झाड़ियां रखकर उसे बंद कर दिया।
शिव सेना (शिंदे गुट) के जिला प्रमुख तख्तसिंह सोलंकी ने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार की व्यवस्था हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम ने शीघ्र ही मूत्रालय को वहां से नहीं हटाया तो संगठन उग्र आंदोलन शुरू करेगा।
प्रदर्शन में जिला प्रवक्ता राजू देवासी, जिला महासचिव मनोज कुमार गर्ग, जिला विभाग प्रमुख शिवदत्त सिंह लखावत, नगर प्रमुख उदय शेट्टी, उप नगर प्रमुख प्रवीण सिंह इंदा, कामगार सेना उप जिला प्रमुख केवल जी विरास, नगर संगठन प्रमुख राजू सिंह रावत, पाली तहसील प्रमुख नरपत सिंह भाटी, संयोजक जगदीश शर्मा, सह संयोजक आनंद लखारा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिव सेना नेताओं ने नगर निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन को व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में जनभावनाओं और धार्मिक आस्था से जुड़े इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
.png)
Post a Comment