पाली, संवाददाता प्रवीण सिंह ओड 12 जुलाई। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ओबीसी वर्गीकरण सर्वे को लेकर रावणा राजपूत समाज पाली ने रविवार को जिलेभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया। समाज के जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह परिहार के सानिध्य में पाली सहित विभिन्न कस्बों और गांवों में जागरूकता पोस्टरों का विमोचन किया गया। इस दौरान समाजबंधुओं को राजधारा ऐप डाउनलोड करवाकर सर्वे में अपनी जानकारी सही तरीके से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी ने सर्वे के जाति कॉलम में "रावणा राजपूत" नाम अंकित कराने का सामूहिक संकल्प लिया।
समाज के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर ओबीसी वर्गीकरण सर्वे के महत्व की जानकारी देना तथा सर्वे में सही सामाजिक पहचान दर्ज करवाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर पोस्टर विमोचन, जनसंपर्क और राजधारा ऐप के माध्यम से पंजीयन करवाने का कार्य कर रहे हैं।
अभियान के तहत पाली शहर में राजू सिंह चौहान, गुंदोज में रघुनाथ सिंह पंवार, रानी में जय सिंह सिसोदिया एवं एडवोकेट राजेंद्र सिंह, फलना में सुख सिंह, देसूरी में भीम सिंह, नाडोल में नरपत सिंह, बिसलपुर में गोपाल सिंह कच्छवाह, राजू सिंह गहलोत, मंगू सिंह गहलोत एवं बद्री सिंह, बेड़ा में रतन सिंह तथा सुमेरपुर में तेजपाल सिंह एवं प्रभु सिंह के नेतृत्व में जागरूकता पोस्टरों का विमोचन किया गया। सभी स्थानों पर समाजबंधुओं ने सर्वे में अपनी जातीय पहचान "रावणा राजपूत" के रूप में दर्ज कराने का संकल्प दोहराया।
वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी वर्गीकरण सर्वे समाज की वास्तविक जनसंख्या और सामाजिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से सर्वे में सक्रिय भागीदारी निभाने, सही जानकारी दर्ज कराने तथा अधिक से अधिक लोगों को राजधारा ऐप के माध्यम से पंजीयन के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर समाज की पहचान को मजबूत बनाने और जनजागरण अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
.png)
Post a Comment