शेष विकास कार्य जल्द पूरे कराने, नियमित पुलिस गश्त और अभय कमांड प्रणाली से जोड़ने की उठी मांग
पाली, 13 जुलाई। शिवाजी नगर, सरदार पटेल नगर, प्रताप नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों की बैठक सोमवार को सैन्ट्रल पार्क में नगर निगम के पूर्व प्रतिपक्ष नेता भंवर राव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वार्ड संख्या 62, 63 एवं 64 के वरिष्ठजनों ने सैन्ट्रल पार्क के शेष विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण अत्यंत आवश्यक है। सैन्ट्रल पार्क क्षेत्रवासियों के लिए केवल मनोरंजन का केंद्र ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य संवर्धन का भी महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने कहा कि पार्क को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सैन्ट्रल पार्क के शेष विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए नगर सुधार न्यास के अधिशासी अभियंता को प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक से नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा पूरे क्षेत्र को अभय कमांड प्रणाली से जोड़ने की मांग की जाएगी।
वरिष्ठजनों ने कहा कि सैन्ट्रल पार्क शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके संरक्षण एवं विकास में प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भी समान भागीदारी आवश्यक है। पार्क एवं आसपास के क्षेत्र में अवांछित तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना सभी का नैतिक दायित्व है।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से "सैन्ट्रल पार्क विकास समिति" का गठन भी किया गया। समिति का उद्देश्य पार्क के विकास, स्वच्छता, हरियाली, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए समन्वित प्रयास करना रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद गणपत मेघवाल, पुसाराम मेघवाल, कानाराम अणकिया, किशनलाल झाला, कैलाश गौड़, मांगीलाल भाटी, रामनरेश सिंह परिहार, धर्मेन्द्र राठी, पारसमल सुथार, चिमनलाल वर्मा, अर्जनलाल कटारिया, मदनलाल लालर, छजाराम मेघवाल, भूपेन्द्र सिंह, बाबूलाल देपन, पीराराम बंजारा, गोविन्दराम बंजारा, माणकचंद मेघवाल, दिनेशचंद्र मेघवाल, लेखराज तिवारी, श्रवण चौहान, रमेश गुरव, घेवरदान राव, भंवरसिंह हरियावत, मांगुगिरी गोस्वामी तथा नौरतन सिंह को सर्वसम्मति से समिति सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक के अंत में सभी ने क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छ वातावरण और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
.png)
Post a Comment