⚡ ब्रेकिंग News

पाली में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की कंठी लूटी, बाइक सवार तीन बदमाश फरार

नयागांव रीको क्षेत्र में वारदात, पुलिस दूसरे दिन भी सीसीटीवी खंगालने में जुटी; स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
पाली। जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के नयागांव रीको इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की कंठी लूटकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। घटना 13 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार भलेलाव निवासी डूंगरराम सिरवी अपनी पत्नी लीला देवी के साथ चिरपटिया गांव से पाली स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नयागांव रीको क्षेत्र में मुख्य मार्ग से करीब 400–450 मीटर आगे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया और आगे बाइक लगाकर उन्हें रुकवा लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने डूंगरराम को अपनी मोटर साइकिल से नीचे गिरा दिया, जबकि दूसरे ने लीला देवी का सिर दबाकर उनके गले में पहनी सोने की कंठी झपट ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कपूराराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुख्य मार्गों और फैक्ट्रियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। परिवादियों द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक बाइक पर तीन संदिग्ध सवार दिखाई देने की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के दूसरे दिन भी सदर थाना एवं ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी रहीं। पुलिस ने आमजन से भी संदिग्ध व्यक्तियों अथवा घटना से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। इधर स्थानीय लोगों ने नयागांव रीको क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रीको प्रशासन से मुख्य सड़क एवं प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कैमरे लगने से अपराधियों की पहचान आसान होगी और क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...