ओमप्रकाश कुमावत लगातार चौथी बार जिला मंत्री निर्वाचित, 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ संगठन विस्तार का आह्वान
पाली, 19 जुलाई। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (राजस्थान) (विद्यालय शिक्षा), जिला–पाली की प्रथम जिला साधारण सभा रविवार को राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष शैतान सिंह के मुख्य मार्गदर्शन में आयोजित हुई। सभा में वर्ष 2026-27 के लिए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें डॉ. विक्रम सिंह जैतावत को दूसरी बार जिलाध्यक्ष तथा ओमप्रकाश कुमावत को लगातार चौथी बार जिला मंत्री निर्वाचित किया गया।
जिला मंत्री ओमप्रकाश कुमावत ने संगठन के मूल मंत्र "राष्ट्र प्रथम" एवं "पहले कर्तव्य, फिर अधिकार" को दोहराते हुए कहा कि महासंघ केवल शिक्षक हितों तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा, शिक्षार्थी, समाज और राष्ट्रहित के लिए समर्पित संगठन है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष शैतान सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और संगठन विस्तार पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने नियमित प्रवास, संपर्क और संगठन विस्तार पर विशेष बल दिया।
नई कार्यकारिणी में मूलचंद गर्ग को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महेंद्र सिंह जैतावत, बबीता जोगवत, प्रताप सिंह, अल्लारखां पठान और महेंद्र सिंह महेचा को विभिन्न उपाध्यक्ष पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं छगनलाल लोंगेसा, बिशन सिंह चारण, रेणुका राजपुरोहित, गोपाल तंवर, भारत सिंह चौहान, कुसुमलता दवे और तेज सिंह सोढ़ा सहित अन्य पदाधिकारियों को भी महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह जैतावत ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास दोबारा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि नई टीम शिक्षक, शिक्षा और शिक्षार्थियों के हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र, "भारत माता की जय" एवं "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ हुआ।
.png)
एक टिप्पणी भेजें