⚡ ब्रेकिंग News

नरेश मीणा ने देवनारायण धाम मीणो का नयागांव में बनास-खारी नदी बचाओ आंदोलन का किया ऐलान ।




सावर। रमेश पाराशर। 

अजमेर जिले के सावर उपखंड क्षेत्र में भगतसिंह सेना के सुप्रीमो नरेश मीणा ने रविवार को श्रीदेवनारायण के 1114वें जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान कहा कि केकड़ी का मीणा समाज नयागांव की धरती में भगवान देवनारायण का जन्मदिन मना रहा है, ऐसा पूरे राजस्थान में कहीं नहीं मनाया गया होगा। उन्होंने कहा कि मीणा समाज में क्रांति, जागरूकता और एकता लाने की जरूरत है ताकि किसानों और समाज के लोगों का भला हो सके, और समाज की विभिन्न जातियां आगे बढ़ सकें।

नरेश ने आगे कहा कि समाज के लिए उनके बेटे ने वर्षों तक प्रयास किए हैं, जिसका फल अब मिल रहा है। उन्होंने कहा, "आज गुर्जर और मीणा समाज साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।"


प्रहलाद गुंजल का आभार व्यक्त किया


नरेश मीणा ने कोटा लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह कोटा लोकसभा चुनाव में मीणा समाज ने उनका समर्थन किया, उसके लिए गुंजल साहब ने खुद कहा है कि "अगर मैं अपनी चमड़ी की चुती भी पहन लूं तो मीणा समाज का कर्ज नहीं चुका सकता।" नरेश ने मंच से गुंजल का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उदाहरण समाज को साथ लेकर चलने का है।


धार्मिक कार्यक्रम में भागीदारी


नरेश ने बताया कि केकड़ी विधानसभा में यह उनका पहला धार्मिक कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि जब श्रीदेवनारायण मंदिर विकास समिति ने उन्हें फोन पर निमंत्रण दिया, तो उन्होंने कहा कि "आप तारीख और समय बता दो, मैं इस कार्यक्रम में जरूर आऊंगा।"

मंदिर कमेटी ने शारीरिक रूप से जाकर बांरा में व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया, जिसके लिए नरेश ने समिति का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "आज मुझे इस देवतुल्य जनता के दर्शन करने का मौका मिला।"

बजरी खनन और बनास-खारी नदी पर कब्जा

नरेश ने कहा कि केकड़ी और जहाजपुर विधानसभा क्षेत्रों से बनास और खारी नदियां निकलती हैं, जो जनता की जीवनधारा हैं। उन्होंने बताया कि खारी और बनास नदी से हजारों घरों के चूल्हे चलते हैं और लाखों लोगों को रोजगार मिला हुआ था।

उन्होंने कहा कि पहले लोगों की ट्रोलियां चलती थीं, मजदूर मजदूरी करते थे, लेकिन अब उन्हें हटा दिया गया और नदियों पर कब्जा कर लिया गया। यदि कोई जहाजपुर और केकड़ी के लोग बजरी लेने जाएँ तो ट्रेक्टर-ट्राली जप्त कर दी जाती है और व्यक्ति को जेल में डाल दिया जाता है।

नरेश ने कहा कि पुलिस और अधिकारी धन्ना सेठों के चंगुल में काम कर रहे हैं। आज आम लोगों को एक ट्राली बजरी भी 5,000 रुपए में मिल रही है।


“नरेश का सिक्का” बयान


हिंडोली विधानसभा का जिक्र करते हुए नरेश ने कहा, "लोग कहते हैं कि वहां फलणा का गढ़ है, उसका सिक्का चलता है। वहां का लगातार तीन बार विधायक बना नेता विधानसभा को अपनी जागीर समझता है। उसने यह सोच लिया कि मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। वह कहता है, 'हिंडोली में तो म्हारो ही सिक्का चलेगो।' अरे, थारो न चालें, थारो तो हिंडोली में चलेगा। लेकिन नरेश का सिक्का पूरे राजस्थान में चलेगा।"


आंदोलन की अपील


नरेश ने आम जनता से अपील की कि बनास और खारी नदी को बचाने के लिए आंदोलन में भाग लें। उन्होंने लोगों के हाथ उठवाकर समर्थन लिया और कहा कि देवली-उनियारा के 60 हजार मतदाता जिन्होंने उन्हें आशीर्वाद दिया, उनके हितों की रक्षा के लिए 30 जनवरी को हुंकार भरने आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आंदोलन का नियंत्रण सोप गांव (उनियारा) में होगा और उसके बाद जहाजपुर, हिंडोली और केकड़ी के लोगों से मिलकर बनास के लिए आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बजरी निकालने और बेचने का अधिकार सिर्फ जहाजपुर-केकड़ी की आम जनता का होगा, धन्ना सेठों का नहीं।


केकड़ी विधानसभा क्षेत्र और चुनाव संकेत


नरेश ने कहा कि 2028 के विधानसभा चुनाव में केवल वही नेता काम करेगा जो मीणा समाज और भगतसिंह सेना के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी नेता या समाज के अधिकारी ने गलत कदम उठाया तो उसे रोकने की हिम्मत रखो।


नरेश मीणा का स्वागत कई स्थानों और संगठनों द्वारा किया गया:


श्रीदेवनारायण मंदिर विकास समिति के पदाधिकारी: गजानंद, श्योजीराम, गोपाल मीणा, बन्ना लाल, दुर्गा लाल, जगदीश, लादूराम, देवी लाल, कजोड़

चार जेसीबी मशीनों से गुलाब के फूलों की बौछार करते हुए नरेश को 51 किलो की माला पहनाकर जोशीला स्वागत किया गया ,वहीं श्रीदेवनारायण जन्मोत्सव का केक काटा गया और पूजा-अर्चना की गई


नापाखेडा गांव में पूर्व सरपंच शिवजीराम मीणा, युवा नेता मनोज, मानसिंह, ब्रहमराज, पूर्व पंचायत समिति सदस्य शिवजी रेगर ने भगतसिंह की फोटो भेंट कर माला पहनाकर घोड़ी पर बिठाकर जेसीबी मशीन से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया


सावर बस-स्टैड पर डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर नरेश मीणा ने माल्यार्पण किया वही अंबेडकर संघर्ष समिति सावर के ओमप्रकाश कांसोटिया, सत्यनारायण महावर और राजस्थान नर्सेज़ एसोसिएशन प्रदेश सह संयोजक बीएल मोटीस द्वारा मीणा का नीले दुपट्टे संग डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भेंट की गई


कार्यक्रम में छानबास सुर्या सरपंच आरडी गुर्जर,कासीर, पूर्व सरपंच यादराम मीणा,पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शिवनारायण मीणा,सालिगराम मीणा,छात्रसंघ अध्यक्ष मनराज मीणा,लेखराज,शिवराज,मथरा लाल, राजकुमार,उम्मेदसिंह,सतीश वर्मा,दिलराज,बहादुर, प्रवीण,प्रधान,हंसराज,ओमप्रकाश,लोकेश,राजेन्द्र, शिवलाल,मोतीलाल,विजेन्द्र,मांगीलाल,राकेश,कमलेश, मस्तराम,अशोक,सोकरण,देवराज,कप्तान,भंवरलाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।


राजनीतिक और सामाजिक संकेत


हजारों लोगों की मौजूदगी और सैकड़ों वाहनों के काफिले ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि नरेश मीणा का यह दौरा केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 2028 विधानसभा चुनाव की मजबूत राजनीतिक नींव रखने की शुरुआत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...