ग्राम गोवर्धनपुरा में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ बुधवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें 151 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली।
कलश यात्रा श्री चारभुजा नाथ मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ हुई। यात्रा में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा के माध्यम से गांव में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया। आयोजन स्थल पर पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिविधान संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर कथा व्यास पं. पवन जी शास्त्री (आगूंचा वाले) द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का रसपान आगामी दिनों तक कराया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हो रहा है और कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कलश यात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि गांव में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
Post a Comment