शाहपुरा में कुमावत समाज का सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से संपन्न
न्यू राजस्थान धरा न्यूज संवाददाता रामप्रसाद कुमावत0
( रामप्रसाद कुमावत केकड़ी )शाहपुरा (भीलवाड़ा)।
शाहपुरा क्षेत्र में आयोजित कुमावत समाज का सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह समारोह अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के 35 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिविधान से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शाहपुरा विधायक लालाराम बेरवा भारतीय जनता पार्टी भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, आसींद के पूर्व विधायक नानूराम कुमावत सहित अनेक गणमान्यजन, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री जोराराम कुमावत ने समाज को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को प्रगति, आत्मनिर्भरता और सम्मान की दिशा में आगे ले जाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से उच्च शिक्षा ग्रहण कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मंत्री कुमावत ने अपने संबोधन में भारत सरकार द्वारा पशुपालन एवं फलोत्पादन (बागवानी) क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि डेयरी विकास योजना, पशुधन बीमा योजना एवं राष्ट्रीय फलोद्यान मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों व पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक लालाराम बेरवा ने समाज से एकजुट होकर शिक्षा, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं आर्थिक सहयोग का सशक्त उदाहरण बताया।
समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हनों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। विवाह वेदी पर जोड़ों ने अग्नि के फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह संपन्न होने के पश्चात पंडितों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वचन देते हुए सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मेलन में समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का साफा व माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
Post a Comment