शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, रबी फसलों को मिला लाभ
नगर सहित जवाई कमांड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता अत्यंत कम हो गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। स्थिति यह रही कि राष्ट्रीय राजमार्ग-325 पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कई स्थानों पर 10 से 15 फीट तक भी दिखाई नहीं दे रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार तखतगढ़ में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई और शीतलहर का असर तेज़ हो गया।
सुबह के समय गली-मोहल्लों में लोग अलाव तापते हुए नजर आए। विवेकानंद बस स्टैंड के बाहर रिक्शा स्टैंड पर चालक अलाव के सहारे सर्दी से बचाव करते दिखे। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते आमजन सुबह करीब 9 बजे तक घरों से बाहर निकलने से परहेज़ करते रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे के बीच स्कूल बसों सहित छोटे-बड़े वाहन चलते दिखाई दिए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रही। कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
हालांकि, इस मौसम का सकारात्मक पहलू भी सामने आया है। जवाई कमांड क्षेत्र में बढ़ी सर्दी से खेतों में बोई गई रबी की फसलों और सब्ज़ियों को लाभ मिलने की संभावना है। इससे किसानों में संतोष और उम्मीद का माहौल बना हुआ है।
.png)
Post a Comment