कैलाश माली केकड़ी, 13 मार्च। पुलिस थाना केकड़ी शहर ने अवैध जुआ-सट्टा और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक अजमेर रेंज के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के आदेशानुसार जिले में जुआ-सट्टा व अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निर्देशन में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
12 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्राइवेट बस स्टैंड के पास ब्यावर रोड पर एक युवक को पर्ची के माध्यम से रुपये का दांव लगाकर जुआ-सट्टा खेलते हुए पकड़ा। जांच में आरोपी की पहचान बंटी खटीक (24) निवासी काजीपुरा, केकड़ी के रूप में हुई। उसके कब्जे से जुआ-सट्टा की रकम, पेन व पर्चियां बरामद कर जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आरपीजीओ एक्ट की धारा 13 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा जिला चिकित्सालय के पास तेज आवाज में गाने बजाने पर एक ट्रैक्टर को रोककर कार्रवाई की गई। इस दौरान टेप व स्पीकर जब्त कर रामरतन शर्मा (37) निवासी सरवाड़ को ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में थानाधिकारी अनील कुमार, छोटू सिंह, श्योजी लाल, नीरज तथा पुखराज सहित पुलिस टीम शामिल रही।
.png)
Post a Comment