पाली बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली के अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट द्वारा सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अक्षय तृतीया एवं पीपल पूर्णिमा जैसे अवसरों पर बाल विवाह की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए यह अभियान चलाया है। यह कार्यक्रम बाल अधिकारिता विभाग जयपुर के आयुक्त एवं जिला कलेक्टर पाली डॉ. रविंद्र गोस्वामी के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 20 अप्रैल 2026 को सोसायटी क्षेत्र, राजेन्द्र नगर सहित विभिन्न निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला बाल संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक डॉ. टीना अरोड़ा ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को बाल अधिकारों, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम एवं पॉक्सो अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह राठौड़, सुपरवाइजर विनय कुमार एवं दर्शन सामारिया ने उपस्थित सभी को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई और समाज में इस कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया। अभियान के तहत लोगों से अपील की गई कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे आएं और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें।
.png)
Post a Comment